
शिवसेना ने लोकसभा चुनाव के तहत हुई मतगणना के बाद कहा है कि एनडीए सत्ता में आएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी। पार्टी के मुखपत्र सामना में लिखा गया है कि मोदी सरकार दोबारा चुनकर आएगी, ऐसा कहने के लिए अब राजनीतिक पंडितों की कोई आवश्यकता नहीं है। जमीनी हालत ऐसी थी कि लोग मोदी को सत्ता में लाने के लिए अपना मन बना चुके थे। शिवसेना ने एक्जिट पोल के रुझान पर प्रसन्नता जताई है। शिवसेना के नेताओं ने कहा कि परिणाम भाजपा नेतृत्व वाले राजग के पक्ष में स्पष्ट रुझान दिखा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के विभिन्न चरणों की मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद, विभिन्न दल सीटों की बाजीगरी में लग गए हैं। तो दूसरी ओर नेताओं में एक्जिट पोल के रुझानों से उत्साह है। हालांकि मतगणना 23 मई को होना है लेकिन विभिन्न दलों में परिणामों को लेकर उत्साह बना हुआ है।
शिवसेना एनडीए की जीत के प्रति उत्साहित है। पार्टी ने अपने मुखपत्र सामना में इस मामले में विस्तार में लिखा है। जिसमें एनडीए की बढ़त का उल्लेख भी है। भाजपा की सराहना किये जाने से ऐसा लगता है कि शिवसेना और भाजपा के बीच चुनावी दौर में उपजा विरोधाभास अब थम सकता है और दोनों दल केंद्र और महाराष्ट्र राज्य विधानसभा में सरकार गठन के लिए साथ आ सकते हैं।
दूसरी ओर शिवसेना ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि, लोकसभा में कांग्रेस को विपक्ष के नेता पद के लिए पर्याप्त सीटें मिल जाएंगी। शिवसेना ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका गांधी की तारीफ की। मगर सामना में यह भी लिखा कि कांग्रेस शासित राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा को बढ़त मिल रही है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस शासित राज्य पश्चिम बंगाल में भी भाजपा अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। तो दूसरी ओर महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा गठबंधन की जीत इतिहास रच देगी।
No comments:
Post a comment