
भोपाल-कानपुर नेशनल हाईवे 86 पर विदिशा से कुछ दूर ग्राम खरी के पास सोमवार-मंगलवार की रात करीब 11 बजे एक कार अनियंत्रित होकर खेत में घुसकर पलट गई। उसमें सवार रायसेन के एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 4 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से दो को भोपाल रेफर किया है। सिविल लाइंस थाने के एसआई कपिल नरवले के मुताबिक रायसेन में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरनसिंह मरावी अपने परिचितों के साथ कार से ग्यारसपुर तहसील के ग्राम चक्कपाटनी में जवाहरसिंह कुशवाह के घर जन्मोत्सव में शामिल होने गए थे।
रात में लौटते समय करीब 11 बजे ग्राम खरी के मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खेत में जाकर पलट गई। सूचना मिलते ही डायल-100 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार में से सभी घायलों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्रधान आरक्षक पूरनसिंह मरावी को मृत घोषित कर दिया। वे मूलतः सागर जिले की बंडा तहसील के ग्राम इमोता के निवासी थे और वर्तमान में रायसेन में पदस्थ थे। इनके साथ कार में सवार ग्राम करैया गढ़ी जिला रायसेन निवासी कालूराम कुशवाह(45), अभिषेक कुशवाह(20), ग्राम पटना जिला रायसेन निवासी ब्रजेश कुशवाह(35), ग्राम चक्कपाटनी जिला विदिशा निवासी हिम्मतसिंह कुशवाह(34) घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें से अभिषेक प्राथमिक उपचार कराकर चला गया।
जबकि कालूराम और ब्रजेश की हालत गंभीर होने से उन्हें रेफर किया है। हिम्मत का विदिशा अस्पताल में उपचार जारी है। इधर, जिला अस्पताल में भर्ती घायल हिम्मत ने बताया कि उन्हें जिला अस्पताल में होश आया, तो जेब से 5 हजार रुपए और मोबाइल गायब था। सब लोगों से पूछ लिया, लेकिन पता नहीं चल रहा।
No comments:
Post a comment