
हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने देने वाली गुलजार और एआर रहमान की सदाबहार जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। इस बार ये दोनों किसी फिल्म के लिए गाने नहीं लिख रहे, बल्कि पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं। इसके बोल हैं-'जय हिंद हिंद, जय इंडिया'। इसे गुलजार ने लिखा है और रहमान इसकी धुन तैयार कर रहे हैं।
हॉकी विश्व कप का आयोजन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में इसी साल 28 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में 16 देश भाग लेंगे। 1982 में मुंबई और 2010 में नई दिल्ली के बाद इस टूर्नामेंट का तीसरी बार भारत में आयोजन हो रहा है। रहमान ने एक बयान जारी कर कहा कि ,"भारत के प्रिय खेल हॉकी के बारे में ज्यादा कहने की जरूरत नहीं है। और इससे ज्यादा खुशी की बात और कोई नहीं हो सकती कि दुनिया की सबसे बड़ी हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हमारे देश में होने जा रहा है। गुलजार साहब के साथ मिलकर मैंने इस प्रतियोगिता का टाइटल सांग लिखा है। हॉकी के इस आयोजन पर हमारे साथ जुड़िए। न सिर्फ अपने खिलाड़ियों के लिए, बल्कि खेल भावना के लिए, वैश्विक एकता के लिए।"
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि," मुझे खुशी है कि एआर रहमान ओडिशा हॉकी विश्व कप का टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं। भुवनेश्वर में उनका लाइव परफॉर्म करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी। वे भारत की आवाज हैं और इस गाने के जरिये विश्व कप की आवाज होंगे। हम इस मामले में भी सौभाग्यशाली हैं कि गुलजार साहब ने इसमें अपनी कविता की जादूगरी दिखाई है।
No comments:
Post a comment