
युवक को महिलाओं के कपड़े में देख लोगों ने बच्चा चोर समझ लिया और बुरी तरह पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि डेढ़ महीने पहले युवक रिश्ते की लड़की को भगा ले गया था। शनिवार को जब वह घर लौटा तो परिवार के लोगों ने उसे वापस लौट जाने को कहा क्योंकि लड़की वाले हमला कर सकते थे। इस पर वह मां के कपड़े पहन कर भाग रहा था और पकडा गया। मौके पर मौजूद एक महिला द्वारा बनाया गया पिटाई का वीडियो सोमवार को वायरल हो गया।
युवक का नाम रामसिंह पिता मिहिया ताहेड़ (19) निवासी गांव गेहलर बड़ी बताया गया है। डेढ़ महीने पहले वह रिश्ते की लड़की को भगाकर गुजरात ले गया था। गांव की पंचायत में समझौता होने के बाद भी वह नहीं लौटा। शनिवार को अचानक रामसिंह घर आ पहुंचा। उसे देख परिवार वाले सहम गए कि लड़की वाले उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने उसे लौट जाने को कहा। कहीं कोई पहचान न ले इसलिए रामसिंह मां के कपड़े पहन कर भाग निकला। जंगल के रास्ते वह अंतरवेलिया चौकी क्षेत्र के गांव पिपलिया पहुंच गया। यहां एक जगह लघुशंका करते लोगों ने उसे देखा और पकड़ लिया। कुछ ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने जमकर उस पर हाथ साफ किए। पुलिस भी आ पहुंची। पूछताछ में रामसिंह ने कहानी बताई तो पुलिस ने उसके गांव के सरपंच धुमाभाई को बुलाकर तस्दीक की। उसके सच बोलने की बात स्पष्ट होते ही उसे परिवार के लोगों के साथ जाने दिया। शनिवार की यह घटना सोमवार को इसलिए लोगों को पता चल सकी क्योंकि मामले में किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी। उल्लेखनीय है कि बच्चा चोर की शंका या अफवाह के कारण देशभर में कई लोगों की जान ली जा चुकी है। कुछ दिन पहले कल्याणपुरा में भी बच्चा चोर आने की अफवाह फैली थी। स्थिति यह है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को गांव में देख लोग उसे बच्चा चोर समझने लगे हैं।
No comments:
Post a comment