
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कड़ी धूप, बारिश या फिर कड़कड़ाती ठंड में हाड़तोड़ मेहनत करने वाले श्रमवीरों के लिए सरकार ने पंडित दीनदयाल अन्न सहायता योजना की शुरुआत की है। इसके तहत सुबह के वक्त श्रमिकों को भरपेट भोजन दिया जा रहा है। यही कारण है कि साइकिल से लेकर सिलाई मशीन,औजार किट के अलावा कन्या विवाह,बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृति, गरीब के घर बिजली के लिए सौभाग्य योजना का संचालन किया जा रहा है।
साथ ही कहा कि छत्तीसगढ़ अब इंटरनेट की दुनिया में प्रवेश कर रहा है। 50 लाख स्मार्ट फोन के वितरण से प्रदेश में संचार क्रांति आएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन में शासकीय योजनाओं की जानकारी के लिए एप्लीकेशन होगा। इससे योजनाओं की जानकारी के अलावा किसानों को मंडी का रेट और मौसम की जानकारी भी मिलेगी। मुख्यमंत्री प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान शुक्रवार को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के वेद परसदा स्कूल मैदान में आमसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि भारत नेट के माध्यम से प्रदेश की दस हजार ग्राम पंचायतों को इंटरनेट के माध्यम से जोड़ने के लिए छह हजार किमी केबल बिछाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आम सभा स्थल पर मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। वहीं समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले जिले के 55 हजार 124 किसानों को 80 करोड़ रुपये बोनस राशि की घोषणा की । डॉ. सिंह ने मस्तूरी क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 217 करोड़ 61 लाख स्र्पये की लागत के 64 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
No comments:
Post a comment