
गोरखपुर से यशवंतपुर जा यशवंतपुर एक्सप्रेस में एक कोच का पहिया टूट गया। हादसा महाराष्ट्र के काटोल के पास हुआ जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते इस ओर ध्यान जाने से तुरंत पहिया बदला गया और हादसे की आशंका टल गई। जानकारी के मुताबिक 15015 यशवंतपुर एक्सप्रेस में एक कोच का पहिया काटोल महाराष्ट्र के पास टूट गया। ट्रेन का पहिया अमूमन इस तरह से ब्रेक नहीं होता। लेकिन जब रेलवे स्टाफ और यात्रियों का ध्यान इस ओर गया तो सभी हैरान रह गए। यात्रियों में हड़कंप की स्थिति भी बन गई।
घटना के बाद सुधार कार्य करने के लिए रेलवे विभाग की टीम नागपुर से घटनास्थल पर पहुंची। रेलवे नागपुर पीआरओ अनिल वाल्डे ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे यशवंतपुर एक्सप्रेस का काटोल स्टेशन के पास चक्का टूट गया। इसके बाद बोगी को निकालकर अलग किया गया। इसके बाद नागपुर से टीम मौके पर पहुंची और पहिया बदला गया।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते ट्रेन रूट प्रभावित हुआ और पटना के रास्ते नागपुर और इटारसी की ओर आने वाली ट्रेनें देरी से चली। हालांकि करीब 2 घंटे की देरी से रेल यातायात बहाल हो गया। घटना के चलते बैतूल स्टेशन पर जीटी एक्सप्रेस को करीब आधे घंटे तक खड़ा रहना पड़ा। इसके अलावा मैसूर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, इटारसी पैसेंजर, जयपुर एक्सप्रेस, दीक्षाभूमि सहित आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें देरी से चलीं।
No comments:
Post a comment